Thane Theft: हवाई जहाज से आकर चोरी करने वाला 'गंजा' चोर ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे

ADVERTISEMENT

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर
social share
google news

Mumbai Crime: महाराष्ट्र से एक बहरुपिये चोर का ऐसा किस्सा सामने आया है जिसे सुनकर हर कोई ताज्जुब कर रहा है। खुद चोर भी इस बात को समझ नहीं पा रहा है कि आखिर इतनी सटीक तरकीब लड़ाने के बावजूद वो पुलिस के चंगुल में फंसा तो फंसा कैसे। ये किस्सा एक ऐसे गंजे चोर का है जो चोरी तो महाराष्ट्र में करता था लेकिन चोरी के बाद हवाई जहाज से अपने गांव जाता था। और वो भी वहां से हजारों किलोमीटर दूर असम में। 

22 चोरियों का राज फाश

मजे की बात ये है कि जिस चोर को पुलिस ने पकड़ा वो असल में पूरी तरह से गंजा था मगर पुलिस को कभी वो गंजा दिखा नहीं खासतौर पर सीसीटीवी की फुटेज में। और इसी पर्दे ने उसे बचाए भी रखा, मगर जब पुलिस ने पकड़कर उसका राज फाश किया तब तक वो 22 चोरियां कर भी चुका था और करीब 62 लाख रुपये डकारने की फिराक में था।

असम के गांव से पकड़ा चोर 

असल में महाराष्ट्र के ठाणे की पुलिस ने असम के एक गांव में जाकर एक चोर को पकड़ा और एक ही झटके में 22 चोरियों की गुत्थी को सुलझा लिया। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए चोर का नाम मोइनुल अब्दुल मलिक इस्लाम है। वो असल में असम के होजाई जिले का रहने वाला है। मोइनुल असल में पूरा गंजा है। लेकिन चोरी से पहले वो बालों की एक विग पहन लेता था। जिसकी वजह से उसका हुलिया ही बदल जाता था। 

यह भी पढ़ें...

ADVERTISEMENT

रेकी के लिए कमरा लेता था किराए पर

पुलिस के मुताबिक मोइनुल असम से महाराष्ट्र के ठाणे इलाके में पहुँचता था। वहां पहले एक कमरा किराए पर लेता था और फिर जिस ठिकाने पर उसे चोरी करनी होती थी उस जगह की कई दिनों तक दिन रात रेकी करता रहता था। मौका लगते ही वो घर पर हाथ साफ करता और सीधा हवाई जहाज पकड़कर अपने गांव लौट जाता था। सबसे हैरानी की बात ये है कि वो चोरी की वारदात से पहले ही अपना फोन भी स्विच ऑफ कर देता था जिसे वो कई दिनों तक खोलता ही नहीं था।  पुलिस को जब चोरी की वारदात की इत्तेला मिलती और किसी भी चोर का कोई सुराग नहीं मिलता तो जाहिर है उसकी परेशानी बढ़ जाती थी। तब पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज का सहारा लिया। सीसीटीवी ने पुलिस की कुछ मदद तो की लेकिन तफ्तीश एक जगह पर जाकर रुक जाती थी। असल में सीसीटीवी में पुलिस को चोर तो नज़र आ जाता था लेकिन उस पहचान को कोई शख्स भीड़ में दिखाई ही नहीं पड़ता था। 

ऐसे पुलिस ने खंगाली कुंडली

इसी बीच तफ्तीश के दौरान पुलिस ने एक अजीब सी बात नोटिस की। उसने देखा जब जब मुंबई या उसके आस पास बड़ी चोरी हुई, असम जाने वाली फ्लाइट में एक शख्स हमेशा ही सफर करता था। लेकिन जब पुलिस ने उस मुसाफिर की तस्वीर देखी तो उसे उसमें वो गंजा नज़र आया। यहां आकर पुलिस हर बार ठिठक जाती थी। मगर पुलिस को न जाने क्यों शक हो गया। तो पुलिस ने उसकी पूरी कुंडली खंगालने का इरादा किया। यहां पुलिस को कुछ कामयाबी मिली कि वो अक्सर उन्हीं इलाकों में ही किराए पर रहता था जहां चोरी की वारदात हुईं। 

ADVERTISEMENT

AI की मदद से पकड़ा चोर

तब पुलिस ने सीसीटीवी की तस्वीरों को AI की मदद से वैरीफाइ करने का इरादा किया। इस नई टेक्नोलॉजी ने पुलिस की काफी मदद की और चोर की पहचान मुकम्मल कर दी। तब पुलिस ने अगली चोरी का इंतजार किया, और जैसे ही चोरी की वारदात हुई तो पुलिस ने बाकायदा उसका पीछा किया और असम में उसके गांव जाकर उसे गिरफ्तार किया। उसके गिरफ्तार करने के बाद ही 62 लाख की चोरी का पर्दा फाश हो गया और पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने के साथ ही मुंबई, नवी मुंबई और ठाणे इलाके में हुईं करीब 22 चोरियों की गुत्थी सुलझा ली। पुलिस को चोर के पास से 62 लाख रुपये के जेवर और नकदी मिली। फिलहाल तो पुलिस ने उस बहरुपिये चोर को रिमांड पर लेकर अब और पूछताछ करने वाली है, ताकि कुछ और छुपे हुए राज बाहर आ सकें। 

ADVERTISEMENT

    follow on google news
    follow on whatsapp

    ADVERTISEMENT