व्हाइट हाउस में भूतों के साथ रहता है एक राष्ट्रपति का भी भूत! चौकाने वाला खुलासा

ADVERTISEMENT

CrimeTak
social share
google news

दुनिया के सबसे ताकतवर राष्ट्रपति भवन में जब गहराती है काली अंधेरी रात, तब निकलती है एक राष्ट्रपति की परछाई। सफेद पत्थर से बने राष्ट्रपति भवन में भटकता है, एक राष्ट्रपति का भूत। जी हां डेढ़ सौ साल से भटक रहा है एक राष्ट्रपति का भूत, और ये सिर्फ सुनी सुनाई बात नहीं बल्कि इस राष्ट्रपति के भूत को देखा है कई और राष्ट्रपतियों ने। दुनिया का ये सबसे मशहूर भूत है अमेरिका के सोलहवे राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन का।

कहते हैं आज भी व्हाइट हाउस में भटकती है राष्ट्रपति लिंकन की रूह, आज भी व्हाइट हाउस के गलियारों में चहलकदमी करते दिखते हैं लिंकन। अपनी मौत के बाद अमेरिका के कई ऱाष्ट्रपतियों को लिंकन का भूत देता है सलाह, भरोसा नहीं होता तो नीचे दी गई तस्वीर को देखिए, इस तस्वीर में दिखाई दे रहा है लिंकन का भूत। लिंकन की मौत के बाद खींची गई इस तस्वीर में कैसे दिखाई दिए लिंकन? ये कोई छलावा है या हकीकत।

वो 14 अप्रैल 1865 की रात थी, पूरे वाशिंगटन में अमेरिका का गृह युद्ध खत्म होने की खुशियां मनाई जा रही थीं। ठीक उसी वक्त एक शख्स कुछ अलग इरादों के साथ गलियों से गुज़रता हुआ फोर्ड थिएटर पहुंचा। जहां अमेरिका के राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन एक ड्रामा देख रहे थे, वो लिंकन के प्रायवेट बॉक्स में दाखिल हुआ। लिंकन के सर को निशाना बना कर महज 5 मीटर की दूरी से उसने रिवाल्वर का ट्रिगर दबा दिया। गोली लिंकन के भेजे को चीरती हुई अंदर धंस गई। ये दुनिया की सबसे बड़ी राजनैतिक हत्या थी, अगले दिन सुबह अमेरिका के राष्ट्रपति लिंकन ने व्हाइट हाउस में दम तोड़ दिया, लेकिन लिंकन मरकर भी मरे नहीं।

यह भी पढ़ें...

ADVERTISEMENT

जी हां लिंकन के शरीर ने तो दुनिया को छोड़ दिया लेकिन कहते हैं कि लिंकन की रूह आज भी व्हाइट हाउस में बसती है। पिछले डेढ़ सौ साल से भी ज़्यादा दुनिया के सबसे ताकतवर घर व्हाइट हाउस में दिखाई देती है लिंकन की परछाई। कहा जाता है कि लिंकन की मौत के बाद से ही व्हाइट हाउस में दिखने लगी थी उनकी रूह, कभी उनकी परछाई राष्ट्रपति के दफ्तर में दिखती तो कभी कॉनफ्रेंस रूम में। कभी कभी लिंकन का भूत व्हाइट हाउस के गलियारों में नज़र आता है। लेकिन पूरे विश्वास के साथ लिंकन का भूत देखने का दावा किया अमेरिका के तीसवें राष्ट्रपति केल्विन कोलीज की पत्नी ग्रेस ने।

लिंकन की मौत के पूरे 60 साल बाद 1925 में ग्रेस कोलीज को व्हाइट हाउस में दिखाई दिया था लिंकन का भूत। ग्रेस के मुताबिक उन्होने पहली बार लिंकन का भूत व्हाइट हाउस में बने राष्ट्रपति के दफ्तर मे देखा। लिंकन ओवल आफिस की खिड़की से बाहर देख रहे थे, सारी दुनिया इस दावे को पूरी तरह से समझ भी नहीं पाई थी कि ग्रेस को एक बार फिर दिखाई दिया लिंकन का भूत। इस बार उन्होने लिंकन के भूत को उस कमरे में देखा जो कभी लिंकन का बेडरूम हुआ करता था, ग्रेस के मुताबिक उन्होने लिंकन को पलंग पर बैठ कर जूते पहनते हुए देखा।

ADVERTISEMENT

ग्रेस के दावों पर बहस चल रही थी लेकिन लिंकन का भूत देखने का दावा अब जो शख्स करने वाला था उसकी बात हल्के में नहीं ली जा सकती थी। इस बार लिंकन का भूत देखने का दावा किया अमेरिका के बत्तीसवें राष्ट्रपति फ्रेंकलीन डी रूज़वेल्ट ने, वो दूसरे विश्वयुद्ध का समय था। अमेरिका संकट के दौर से गुज़र रहा था ऐसे में रूज़वेल्ट जब अपने दफ्तर में काम रहे होते उन्हे अपने आस पास लिंकन की रूह का अहसास होता। रूज़वेल्ट ने अपने इस अहसास को कुछ यूं बयां किया।

ADVERTISEMENT

मैं लिंकन के कमरे को अपने स्टडी के लिए इस्तेमाल करता था। जब मैं देर रात काम कर रहा होता तो मुझे ऐसा लगता जैसे कोई मेरे पीछे खड़ा है, मुझे ऐसा लगता था कि जैसे लिंकन मेरे पीछे खड़े हैं। कई बार मेरा प्यारा कुत्ता 'फाला' अचानक भौंकने लगता, शायद वो लिंकन का भूत देख लेता था।

फ्रेंकलीन डी रूज़वेल्ट, अमेरिका के 32वें राष्ट्रपति

लिंकन के भूत की कहानियां अब व्हाइट हाउस से निकल पूरे अमेरिका और पूरी दुनिया में फैल चुकी थीं। चालीस के दशक में लिंकन के भूत से व्हाइट हाउस दहल रहा था, कभी रात के अंधेरे में लिंकन टेबल कुर्सी पर बैठकर कुछ लिखते हुए दिखते तो कभी यहां से वहां कुछ ढूंढते हुए। व्हाइट हाउस में लिंकन का बेडरूम अभिशप्त हो चुका था। इसके कोने कोने में थे लिंकन के निशान और जो भी इस कमरे में रुकता उसे दिखता लिंकन का भूत। विश्वयुद्ध के दौरान ब्रिटिश प्रधानमंत्री चर्चिल जब अमेरिका पहुंचे तो वो लिंकन के इसी कमरे में रूके थे, लेकिन रात में उनके साथ जो हुआ वो बेहद हिला देने वाला था। चर्चिल को दिखा था लिंकन का भूत,

मैं नहाने के बाद जब अपने कमरे में पहुंचा तो एक शख्स कमरे में जल रही आग के पास खड़ा था., मैंने ध्यान से देखा, वो तो राष्ट्रपति लिंकन थे। मैं चौंक गया, मुझे थोड़ा डर भी  लगा, लेकिन अचानक वो परछाई गायब हो गई। इसके बाद मैं जब तक उस कमरे में रहा मुझे लिंकन की मौजूदगी का अहसास होता रहा।

- चर्चिल, तत्कालीन ब्रिटिश प्रधानमंत्री

लिंकन के भूत का सबसे भयानक सामना हुआ नीदरलैंड की महारानी क्वीन विलहेलमिना का, चालीस के दशक में नीदरलैंड की क्वीन जब लिंकन के अभिशप्त कमरे में रूकीं तो उन्हे लिंकन के भूत ने ऐसा डराया कि वो बेहोश हो गईं।

मैं सो रही थी तभी मैने कमरे के दरवाजे पर दस्तक सुनी, मैंने दरवाज़ा खोला तो सामने खुद अब्राहम लिंकन खड़े थे। लिंकन का भूत मुझे घूर रहा था, मैं बस उसी वक्त बेहोश हो गई। जब तक मुझे होश आया वो साया गायब हो चुका था।

- क्वीन विलहेलमिना, नीदरलैंड की महारानी

दूसरा विश्वयुद्ध खत्म हो गया, वक्त बदलने लगा। अमेरिका में राष्ट्रपति बदलने लगे लेकिन लिंकन का भूत व्हाइट हाउस का पीछा नहीं छोड़ रहा था, पचास के दशक से लेकर अब तक व्हाइट हाउस में लिंकन का भूत देखने का दावा करने वालों की एक लंबी लिस्ट है,

 - राष्ट्रपति ट्रूमैन की बेटी मारग्रेट ट्रूमैन

- राष्ट्रपति कैनेडी के मीडिया सचिव जेम्स हैगर्टी

- राष्ट्रपति लिंडन बी जॉनसन

- राष्ट्रपति गेराल्ड फोर्ड की बेटी सुज़ेन फोर्ड

- राष्ट्रपति जिमी कार्टर की बेटी एमी कार्टर

- राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन की बेटी मौरीन

पुराने ज़माने की बात नहीं नए दौर में भी लिंकन का भूत व्हाइट हाऊस को डराता रहा है, बिल क्लिंटन जब अमेरिका के राष्ट्रपति थे उस दौर में उनके स्टाफ के ज्यादातर सदस्य लिंकन के बेडरूम में जाने से डरते थे। खुद क्लिंटन की पत्नी हिलेरी क्लिंटन ने एक इंटरव्यू में कहा था।

व्हाइट हाउस में कई बार आपको लगता है कि आपके आस पास किसी की आत्मा घूम रही है, यहां रहने और काम करने वाले कई लोगों को ये अहसास हुआ है। ये एक बहुत डरावना अहसास है, ये एक बहुत पुराना घर है, रात के अंधेरे में यहां होने वाली कोई भी हरकत आपका ध्यान खींचती है।

हिलेरी क्लिंटन, अमेरिका की पूर्व विदेश मंत्री

इस तस्वीर को ध्यान बेहद गौर से देखिए, इस तस्वीर में नज़र आ रहा है राष्ट्रपति लिंकन का भूत। ये अब्राहम लिंकन की पत्नी मेरी टॉड की तस्वीर है, जिसमें पीछे नजर आ रहा है लिंकन का भूत। मेरी टॉड की ये तस्वीर 1875 में खींची गई थी, यानि लिंकन की मौत के दस साल बाद आखिर अपनी मौत के दस साल बाद लिंकन अचानक इस तस्वीर में कैसे आ गए? जब ये तस्वीर सामने आई तो मेरी टॉड ने दावा किया कि लिंकन की आत्मा हमेशा उनके साथ रहती है। वो अक्सर अपने पति लिंकन की आत्मा से बात करती हैं, वो जहां जाती हैं लिंकन की रूह भी उनके साथ रहती है और इस तस्वीर में भी दिखाई दे रही है लिंकन की रूह।

दरअसल मेरी टॉड ही नहीं उनके पति अब्राहम लिंकन भी भूत-प्रेतो और आत्माओं पर जबरदस्त यकीन करते थे। जब लिंकन ज़िंदा थे तब वो अक्सर आत्माओं की बात किया करते थे, लिंकन का बचपन ही भूत-प्रेत पर यकीन के साथ शुरु हुआ। उन्हे हमेशा लगता था कि उनकी मां नैंसी लिंकन और पिता थॉमस लिंकन को बुरी आत्माओं ने मार डाला, इसके बाद लिंकन के सर पर जैसे बुरी आत्माओं को ढूंढने और उन्हे नष्ट करने का भूत सवार हो गया, इसीलिए कई इतिहासकारों ने उन्हे वैम्पायर हंटर कहा है। यानि वो शख्स जो बुरी आत्माओं का शिकार करता है।

लिंकन कई तस्वीरों में एक कुल्हाड़ी के साथ नज़र आते हैं, उस ज़माने में कहा जाता था कि कुल्हाड़ी से बुरी आत्माओं को मारा जा सकता है। ये देखिए इस तस्वीर को लिंकन एक विदेशी मेहमान से मिल रहे हैं और उनके पास रखी हुई है ये कुल्हाड़ी। सवाल उठता है कि आखिर एक राष्ट्रपति को कुल्हाड़ी रखने की क्या ज़रुरत थी। जाने माने लेखक सेट ग्राहम स्मिथ ने इन्ही बातों का जवाब अपनी किताब 'लिंकन - ए वैम्पायर हंटर' में दिया है। लंबे रिसर्च के बाद स्मिथ ने ये साबित किया कि लिंकन आत्माओं के खेल में शामिल थे।

राष्ट्रपति लिंकन को अपने मरहूम बेटे विलियम की आत्मा भी दिखती थी, विलियम की मौत व्हाइट हाउस में 1862 में हुई थी। लिंकन को विलियम से बेहद प्यार था और उसके मरने के बाद वो अक्सर उसकी आत्मा से बात करते थे। लेकिन लिंकन को अलौकिक शक्तियां हासिल थी इसका सबसे बड़ा सबूत मिलता है उनकी हत्या के 10 दिन पहले। अपनी मौत से पहले ही लिंकन ने अपने कातिल और अपने कत्ल को सपने में देख लिया था, अपनी मौत से 10 दिन पहले लिंकन ने इस सपने के बारे में जर्नल में कुछ यूं लिखा था।

मैंने देखा की व्हाइट हाउस में सैकड़ों लोगों की भीड़ है, मैं ईस्ट रूम के अंदर गया तो देखा वहां एक ताबूत रखा है, जिसके आस पास लोग रो रहे हैं। मैंने वहां खड़े एक सैनिक से पूछा कि यहां किसकी मौत हुई है, उस सैनिक ने जवाब दिया राष्ट्रपति लिंकन मर गए हैं। उन्हे एक कातिल ने गोली मार दी है, ये सुनकर मैं चौंक गया और मेरी नींद खुल गई।

लिंकन ने जो सपना देखा था वो सच साबित हुआ, दस दिन बाद उन्हे कत्ल कर दिया गया। और ठीक उसी तरह लिंकन का अंतिम संस्कार हुआ जैसा कि उन्होने सपने में देखा था, ईस्ट रूम में ही लिंकन का ताबूत रखा गया। सवाल उठता है कि लिंकन ने कैसे हूबहू अपनी मौत देख ली थी। क्या लिंकन को अलौकिक शक्तियां हासिल थीं, क्या वो सही में वैम्पायर हंटर थे, क्या तभी उनकी आत्मा आज भी व्हाइट हाउस में भटकती है, ये वो सवाल है जिनका जबाव बेहद मुश्किल है। क्योंकि भूत-प्रेत और आत्माओं के अस्तित्व पर ना कभी विज्ञान मुहर लगा पाया है ना ही इंसान।

सिर्फ अब्राहम लिंकन ही नहीं, दुनिया की इस सबसे शक्तिशाली इमारत में इतने भूतों का बसेरा है कि इसे घोस्ट हाउस कहा जाए तो गलत नहीं होगा। व्हाइट हाउस में भूतों के दिखाई देने का ये सिलसिला उस वक्त शुरू हुआ, जब कुछ लोगों ने दावा किया कि उन्होंने अमेरिका के दूसरे राष्ट्रपति जॉन एडम्स की पत्नी अबीगैल एडम्स को व्हाइट हाउस के ईस्ट रूम में कपड़े फैलाते हुए देखा। लोगों का दावा था कि अबीगैल ने शॉल ओड़ रखी थी और उनके सिर पर एक कैप भी थी।

दावा तो व्हाइट हाउस में डेविड बर्न्स नाम के उस इंसान के भूत को भी देखने का किया गया, जिसकी ज़मीन पर दुनिया की इस सबसे शक्तिशाली इमारत को बनाया गया है। बर्न्स का भूत तो अमेरिका के 32 वें राष्ट्रपति फ्रेंकलिन रूज़वेल्ट ने भी महसूस किया, अमेरिकी राष्ट्रपति फ्रेंकलिन रूज़वेल्ट को अक्सर व्हाइट हाउस के येलो ओवल रूम के नज़दीक एक इंसान की आवाज़ सुनाई देती थी। जो कहता था-

 आई एम बर्न्स

1860 में अब्राहम लिंकन की पत्नी मेरी लिंकन को अपने बेटे विलियम की आवाज़ सुनाई देती थीं जो मर चुका था। इसके अलावा कई लोगों ने अमेरिका के 7वें राष्ट्रपति एंड्रयू जैक्सन का भूत भी यहां देखा है। अबीगैल के भूत से लेकर आजतक व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति हैरिसन, एंड़्रयू जैक्सन, अब्राहम लिंकन और रूजवेल्ट और न जाने कितने राजनेताओं के भूतों को देखने का दावा किया गया है। और ये सिलसिला अभी तक जारी है।

दुनिया की कई घोस्ट हंटिंग संस्थाएं ये पेशकश कर चुकी हैं कि अगर उन्हें मौका दिया जाए तो वो व्हाइट हाउस को भूतों से मुक्ति दिला सकती हैं। घोस्ट एड्वेंचर क्रिव के प्रमुख ज़ैक बगन्स इनमे से एक हैं। ज़ैक ने तो व्हाइट हाउस को भूतों से निजात दिलाने के लिए बकायदा अदालत में याचिका तक दायर की है। हकीकत तो ये है कि जो अपनी ताक़त से पूरी दुनिया को डराते हैं वो खुद व्हाइट हाउस में भूते से डर कर रहते हैं।

    follow on google news
    follow on whatsapp

    ADVERTISEMENT