Cyber Fraud: साइबर अपराधियों के चंगुल में झारखंड, 8,600 बैंक खाते सील, शातिर ऐसे लगा रहे चूना

ADVERTISEMENT

Crime Tak
Crime Tak
social share
google news

Cyber Crime: झारखंड में कथित तौर पर साइबर अपराधियों से जुड़े 8,674 बैंक खाते सील कर दिये हैं। पुलिस को संदेह है कि वे इनका इस्तेमाल लोगों को झांसा देने के लिए कर रहे थे। सीआईडी के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सबसे ज्यादा 2002 खाते देवघर जिले में, उसके बाद धनबाद में 1,183 और रांची में 959 खाते सील किये गये।

झारखंड अपराध जांच विभाग (सीआईडी) के महानिदेशक अनुराग गुप्ता ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘हमें भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र से सील हुए बैंक खातों का विवरण मिला है और जिला तथा बैंक-वार इनकी एक सूची तैयार की गई है। खातों के सत्यापन के लिए विवरण सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक और बैंक के साथ साझा किया जाएगा।’’

उन्होंने कहा कि इन खाताधारकों का ब्योरा तलाशा जाएगा। गुप्ता ने बताया कि देश के विभिन्न हिस्सों में विभिन्न पुलिस द्वारा खाते सील करने की कार्रवाई सीएफसीएफआरएमएस (नागरिक वित्तीय साइबर धोखाधड़ी रिपोर्टिंग और प्रबंधन प्रणाली) पोर्टल और भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र द्वारा घोषित ‘1930’ हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायत के आधार पर की गयी है।

यह भी पढ़ें...

ADVERTISEMENT

इस केंद्र की स्थापना गृह मंत्रालय द्वारा समन्वित और व्यापक तरीके से साइबर अपराध से निपटने के लिए कानून प्रवर्तन एजेंसियों के लिए एक रूपरेखा और पारिस्थितिकी प्रदान करने के लिए की गई थी।

भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र की परिकल्पना देश में साइबर अपराधों पर लगाम लगाने के लिए नोडल केंद्र के तौर पर की गई थी।

ADVERTISEMENT

अधिकारी ने बताया, ‘‘अगर किसी व्यक्ति से धोखाधड़ी होती है और वह ‘1930’ हेल्पलाइन पर कॉल करता है तो उक्त जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज की जाती है और अगर पैसे फर्जीवाड़ा करने वाले के खाते में जमा हुए होते हैं तो उस राशि के लेनदेन पर रोक लगा दी जाती है।’’

उन्होंने बताया कि ऐसे खाता धारकों की विस्तृत जानकारी पता की जाती है। अधिकारी ने बताया कि दो साल की अवधि में इन 8,674 खातों से लेनदेन पर रोक लगाई गई है। उन्होंने कहा, ‘‘अगर ये खाते फर्जी या साइबर अपराधियों से जुड़े पाये जाते हैं तो खाताधारकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।’’

ADVERTISEMENT

झारखंड में साइबर अपराधियों के खिलाफ सीआईडी बड़े पैमाने पर अभियान को अंजाम दे रही है। गुप्ता ने बताया कि पिछले तीन माह में कथित तौर पर साइबर अपराधों में शामिल 495 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और साइबर धोखाधड़ी के लिए 107 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा, साइबर अपराध के खिलाफ अभियान के दौरान अब तक 1,164 मोबाइल फोन और 1,725 सिम कार्ड भी जब्त किये जा चुके हैं। देवघर, गिरिडीह, बोकारो, जामताड़ा और रांची समेत विभिन्न जिलों में साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि सोमवार को बोकारो जिले से 16 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। बोकारो नगर पुलिस उपाधीक्षक कुलदीप कुमार ने बताया कि आरोपी ‘को-ऑपरेटिव कॉलोनी’ के पास किराये के मकान में रह रहे थे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने उनके पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, पोस्ट बारकोड, रबड़ मुहर और जाली मुद्रा भी बरामद की हैं।

(PTI)

    follow on google news
    follow on whatsapp

    ADVERTISEMENT