दिनदहाड़े बदमाशों का 'तांडव', बीच सड़क पर पिस्टल तानकर 25 लाख लूट ले गए

दिनदहाड़े बदमाशों का 'तांडव', बीच सड़क पर पिस्टल तानकर 25 लाख लूट ले गए

CrimeTak

28 Mar 2022 (अपडेटेड: Mar 6 2023 4:16 PM)

follow google news

UP Crime News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में पेट्रोल पंप कर्मियों से बड़ी लूट की वारदात हुई है. बेखौफ बदमाश पेट्रोल पंप कर्मियों से दिनदहाड़े बंदूक के बल पर 25 लाख रुपये लूट कर फरार हो गए . बताया जा रहा है कि पेट्रोल पंप कर्मी ये रकम बैंक में जमा करवाने जा रहे थे. तभी तीन बदमाशों ने उनसे ये रकम लूट ली.

Ghaziabad Loot Case: लूट की यह वारदात मसूरी थाना इलाके के गोविंदपुरम का है. डासना इलाके में स्थित एक पेट्रोल पंप के चार कर्मचारी 2 बाइक पर पेट्रोल पंप पर 3 दिन से जमा कैश को गोविंदपुरम स्थित एचडीएफसी बैंक की शाखा में जमा कराने के लिए ले जा रहे थे.

इस दौरान रास्ते में तीन बदमाश दो मोटरसाइकिल पर आए और कैश जमा करने जा रहे कर्मचारियों के बाइक के आगे अपनी बाइक खड़ी कर दी. इससे पहले कि कर्मचारी कुछ समझ पाते बदमाशों ने अपने हथियार निकाल कर पेट्रोल पंप कर्मचारियों पर तान दिए और बैग छीनने की कोशिश करने लगे.

कर्मचारियों के बैग ना छोड़ने पर बदमाशों ने कर्मचारियों के हाथ पर फायर करने की धमकी दी जिसके बाद छीना झपटी में बैग की बेल्ट कर्मचारियों के हाथ में रह गई और बैग नगदी सहित बदमाश ले उड़े.

इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने तीन राउंड फायरिंग भी की लेकिन बदमाश भागने में सफल रहे. बदमाशों ने बेखौफ तरीके से दिनदहाड़े लूट की इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है.

इतनी बड़ी लूट होने की सूचना मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच और गाजियाबाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली. अब पुलिस बदमाशों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है.

इस लूट की कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं जिसमें बदमाश हाथों में बंदूक लिए साफ तौर पर नजर आ रहे हैं. मौके पर मौजूद राहगीर ने अपने कैमरे में इन तस्वीरों को कैद कर लिया था. अपराधियों ने चेहरा छुपाने के लिए हेलमेट पहन रखा था.

    follow google newsfollow whatsapp