साल 2023 में जम्मू-कश्मीर में आतंक पर कड़ा प्रहार, 55 विदेशी आतंकवादियों सहित 76 को मार गिराया गया

Jammu Kashmir : जम्मू-कश्मीर में इस वर्ष 55 विदेशी आतंकवादियों सहित 76 को मार गिराया गया, आतंकवादियों के 291 सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया।

आतंक पर कड़ा प्रहार

आतंक पर कड़ा प्रहार

30 Dec 2023 (अपडेटेड: Dec 30 2023 10:05 PM)

follow google news

Jammu Kashmir: जम्मू-कश्मीर में इस वर्ष 55 विदेशी आतंकवादियों सहित 76 को मार गिराया गया, आतंकवादियों के 291 सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया और जन सुरक्षा अधिनियम के तहत आतंकवादियों से जुड़े 201 सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस महानिदेशक आर.आर. स्वैन ने शनिवार को यह जानकारी दी।

55 विदेशी आतंकवादियों सहित 76 का सफाया

स्वैन ने बताया कि केंद्र शासित प्रदेश में अब सिर्फ 31 स्थानीय आतंकवादी ही बचे हैं, जो अब तक की सबसे कम संख्या है। उन्होंने बताया कि 2023 में आतंकवादियों ने 14 नागरिकों की भी हत्याएं कीं और पिछले वर्ष की तुलना में आतंकवादी घटनाओं में 63 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। स्वैन ने बताया कि आतंकवाद में शामिल होने वाले लोगों की संख्या घटी है और हड़ताल करने व पथराव की घटनाओं में भी कमी जारी है।

आतंकवादियों ने 14 नागरिकों की भी हत्याएं कीं

स्वैन ने संवाददाताओं को बताया कि आतंकवादी हमलों में एक पुलिस उपाधीक्षक और एक निरीक्षक सहित चार पुलिसकर्मी शहीद हुए। पुलिस प्रमुख ने बताया कि जम्मू-कश्मीर में 89 आतंकवादी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया गया और 18 आतंकवादी ठिकानों का पता लगाया गया। 

89 आतंकवादी मॉड्यूल का भंडाफोड़ 

उन्होंने बताया कि इमारतों, भूमि, बगीचों और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों सहित 170 करोड़ रुपये से अधिक की 99 संपत्तियां कुर्क की गईं और 68 बैंक खातों से लेनदेन बंद कर दिया गया। उन्होंने बताया कि अलगाववाद और आतंकवाद का प्रचार करने वाले आठ हजार से अधिक फर्जी सोशल मीडिया खातों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई।

(PTI)

    follow google newsfollow whatsapp