इजराइल-हमास युद्ध होगा खत्म ? पहला सीजफायर लागू, 50 बंधक रिहा होंगे

CHIRAG GOTHI

22 Nov 2023 (अपडेटेड: Nov 22 2023 3:36 PM)

Israel Hamas Latest News : इजराइल और हमास बुधवार को चार दिन के अस्थायी युद्ध विराम पर सहमत हो गए जिससे 150 फलस्तीनी कैदियों की रिहाई के बदले गाजा में चरमपंथी समूह द्वारा बंधक बनाए गए 50 लोगों की रिहाई होगी।

Israel Hamas Latest News

Israel Hamas Latest News

follow google news

Israel Hamas Latest News : इजराइल और हमास बुधवार को चार दिन के अस्थायी युद्ध विराम पर सहमत हो गए जिससे 150 फलस्तीनी कैदियों की रिहाई के बदले गाजा में चरमपंथी समूह द्वारा बंधक बनाए गए 50 लोगों की रिहाई होगी। इसे काफी महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इससे सात अक्टूबर को इजराइल पर हमास के हमले के बाद से शुरू हुए युद्ध में विराम लगेगा।

यह भी पढ़ें...

यह घोषणा इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की उस टिप्पणी के बीच आई है जिसमें उन्होंने कहा था, ‘‘हमारे सभी लक्ष्य हासिल होने तक युद्ध जारी रहेगा।’’

 

तेल अवीव में चली बैठक

तेल अवीव में करीब छह घंटे चली बैठक बुधवार को सुबह खत्म हुई। बैठक के बाद इजराइल कैबिनेट ने कतर, मिस्र और अमेरिका की मध्यस्थता वाले समझौते को तीन के मुकाबले 35 वोट से मंजूरी दी। 

कैबिनेट की बैठक से पहले युद्ध कैबिनेट और सुरक्षा कैबिनेट की बैठक हुई।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक बयान में कहा कि गाजा में बंधक बनाई गईं 50 महिलाओं और बच्चों को चार दिनों में रिहा किया जाएगा। इस दौरान युद्ध विराम रहेगा।

 

10 अतिरिक्त बंधकों की रिहाई पर युद्ध विराम अगले दिन के लिए बढ़ा दिया जाएगा

बयान में कहा गया है कि हर 10 अतिरिक्त बंधकों की रिहाई पर युद्ध विराम अगले दिन के लिए बढ़ा दिया जाएगा। हालांकि इसमें रिहा किए जाने वाले फलस्तीनी कैदियों की संख्या का जिक्र नहीं है।

सरकार की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, ‘‘इजराइल की सरकार सभी बंधकों की घर वापसी के लिए प्रतिबद्ध है।’’

बयान के अनुसार, ‘‘आज रात सरकार ने इस लक्ष्य को प्राप्त करने के पहले चरण की रूपरेखा को मंजूरी दे दी, जिसके अनुसार कम से कम 50 बंधकों (महिलाओं और बच्चों) को चार दिनों के लिए रिहा किया जाएगा। इस दौरान युद्ध में विराम रहेगा। प्रत्येक 10 अतिरिक्त बंधकों की रिहाई के परिणामस्वरूप एक और दिन की राहत मिलेगी।’’

स्थानीय मीडिया का अनुमान है कि बंधकों की रिहाई का पहला चरण बृहस्पतिवार को सुबह हो सकता है।

 

इजराइल ने जारी की 300 फलस्तीनियों की सूची

 

इजराइल ने 300 फलस्तीनियों की सूची जारी की है जिन्हें इजराइल और हमास के इस समझौते के तहत रिहा किया जा सकता है।

पहले चरण में सिर्फ 150 कैदियों की रिहाई की संभावना है।

कतर की राजधानी दोहा हमास के मुख्यालय के रूप में काम करती है। कतर ने इजराइल और हमास के बीच अस्थायी युद्ध विराम के लिए समझौते की पुष्टि की है और कहा है कि युद्ध विराम कब से लागू होगा इसकी घोषणा अगले 24 घंटे में होगी।

युद्ध विराम चार दिनों का होगा

बुधवार को सुबह कतर के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में इसकी घोषणा की गई और इसे मिस्र, अमेरिका और कतर द्वारा ‘‘मानवीय संघर्ष विराम’’ के लिए की गई मध्यस्थता की वार्ता का नतीजा बताया।

बयान में कहा गया है, ‘‘युद्धविराम कब से लागू होगा, इसकी घोषणा अगले 24 घंटे में होगी। युद्धविराम चार दिन का होगा। इसमें विस्तार की भी संभावना है।’’

बयान के अनुसार, ‘‘समझौते के तहत, इजराइल द्वारा पकड़े गए फलस्तीनी कैदियों की रिहाई के बदले में हमास द्वारा कब्जे में लिए गए 50 बंधकों की रिहाई होगी। दोनों पक्षों द्वारा रिहा किए जाने वालों में महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। बाद के चरणों में रिहा किए जाने वाले बंधकों की संख्या बढ़ सकती है।’’

पीटीआई

    follow google newsfollow whatsapp