पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड में ढाई महीने बाद बड़ा मोड़ आया है। पुलिस के मुताबिक 18 जून को लोहागढ़ किले में केतन की मौत हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या थी। जांच में सामने आया है कि केतन को उनकी ही मंगेतर सिया गोयल (20) और उसके प्रेमी चेतन चौधरी (22) ने मिलकर चट्टान से नीचे धकेला था, ताकि शादी टल जाए। पुलिस को दोनों की गूगल सर्च हिस्ट्री से डिजिटल सबूत मिले हैं, जिनमें ज़हर देकर मारने और हत्या को हादसा साबित करने के तरीके खोजे गए थे। पहले सिया और चेतन ने केतन को सड़क हादसे या लूट के ज़रिए अपाहिज बनाने की भी योजना बनाई थी, और सुपारी किलर तक की बात हुई थी। अब मामले में तीसरी गिरफ्तारी भी हुई है चेतन के दोस्त रितेश हिंगे को गिरफ्तार किया गया है, जिसे हत्या की साजिश की पहले से जानकारी थी। पुलिस अब सभी कड़ियां जोड़ने में जुटी है।