लॉरेंस बिश्नोई किस शर्त पर रखता है गैंग में शूटर? अंडरवर्ल्ड की नर्सरी पर सनसनीखेज खुलासा

GOPAL SHUKLA

07 May 2024 (अपडेटेड: May 7 2024 11:53 AM)

Mumbai Police on Lawrence Bishnoi Gang: लॉरेंस बिश्नोई को लेकर उसके गैंग के दो जूनियर शूटरों ने पूछताछ में जो सनसनीखेज खुलासा किया है उसने मुंबई पुलिस को चौंका दिया है। पुलिस का कहना है कि लॉरेंस बिश्नोई ने अंडरवर्ल्ड की दुनिया में ये जो नया ट्रेंड शुरू किया है वो बिलकुल नया है मगर बेहद खतरनाक।

CrimeTak
follow google news

क्या लॉरेंस बिश्नोई ने गैंग्स्टरों की कोई नर्सरी खोल दी है? क्या लॉरेंस गैंग अपने गैंग में भर्ती करने से पहले कॉरपोरेट मॉडल की तर्ज पर शूटरों को बतौर ट्रेनी रखता है? ये खुलासा वाकई बेहद चौंकाने वाला है। और शायद इसी वजह से लॉरेंस बिश्नोई के गैंग की इस नई चाल ने मुंबई पुलिस को महसूस करवा दिया कि वाकई ये गैंगस्टर कुछ हटकर सोचता है और कुछ उसी अनोखे अंदाज में अपने काम को अंजाम देता है। 

मुंबई पुलिस का नया सिरदर्द लॉरेंस

यह भी पढ़ें...

साबरमती जेल में बंद पंजाब का गैंग्स्टर लॉरेंस बिश्नोई अब मुंबई पुलिस के लिए नया सिरदर्द बन गया है। और ये बात कोई और नहीं खुद मुंबई पुलिस के आला अफसर महसूस करने लगे हैं। ये वो मुंबई पुलिस है जो हिन्दुस्तान में बड़े से बड़े गैंग और गैंगस्टरों को एड़ी रगड़ने पर मजबूर कर चुकी है। असल में मुंबई पुलिस इन दिनों बांद्रा में सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट में हुई फायरिंग के सिलसिले में पकड़े गए शूटर सागर पाल और विकी गुप्ता से पूछताछ कर रही है। इसी पूछताछ में मुंबई पुलिस के सामने वो बात आई जो इतने सालों में पुलिस ने मुंबई के अंडरवर्ल्ड में होती नहीं देखी।

तगड़े बंदोबस्त के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग 

ये बात सही है कि सलमान खान को Y+ की सिक्योरिटी मिली हुई है। सुरक्षा के इतने तगड़े बंदोबस्त के बीच सागर पाल और विकी गुप्ता ने 14 अप्रैल को सलमान खान के घर पर सुबह सुबह फायरिंग करके सनसनी और दहशत दोनों फैला दी। ये दोनों गैलेक्सी अपार्टमेंट में फायरिंग करके वहां से भागने में भी कामयाब हो गए थे मगर मुंबई पुलिस के काबिल अफसरों ने इन दोनों शूटरों को गुजरात के कच्छ से ढूंढ निकाला और अपनी हिरासत में ले लिया। 
मुंबई पुलिस को यहां तक पहुँचने में कोई दिक्कत नहीं हुई। पर असली बात तो इसके बाद शुरू होती है।

सलमान खान के घर पर फायरिंग करने वाले शूटरों का खुलासा मुंबई पुलिस के लिए बड़ा धमाका है

लॉरेंग गैंग में भर्ती का 'टेस्ट'

मुंबई पुलिस के अधिकारियों ने जब इन दोनों शूटरों से उनकी कारस्तानी के बारे में कड़ी पूछताछ की तो ये खुलासा हुआ कि ये दोनों दरअसल हरियाणा में मजदूरी करते थे। कुछ बड़ा कुछ अलग करने की गरज से इन दोनों ने लॉरेंस के गैंग से संपर्क साधा। पुलिस को इन दोनों ने बताया कि लॉरेंस गैंग की ओर से सबसे पहले इन्हें मुंबई में किराए पर मकान लेने और काम करने के लिए मोटरसाइकिल खरीदने को कहा गया था। इसके लिये इन्हें एक लाख रुपये दिए गए थे। मगर खास बात ये थी कि सलमान खान के घर पर फायरिंग करने के लिए उन्हें पैसा अलग से नहीं दिया गया। जी हां, लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से शूटरों को काम के लिये अलग से रुपये नहीं दिये गये थे। ये सुनकर खुद पुलिस का माथा चकरा गया।

इंटर्न शूटरों का सनसनीखेज खुलासा

इन नए 'ट्रेनी' शूटरों को लॉरेंस गैंग की तरफ से सिर्फ भरोसा दिया गया था कि अगर तुम अच्छा करोगे तो हम तुम्हारे लिए भी अच्छा करेंगे। बस लॉरेंस का यही वादा सागर पाल और विकी गुप्ता के लिए काफी था। इस एक भरोसे पर बिहार के दो मामूली मजदूर गैंग में शामिल हो गए और शूटिंग की ट्रेनिंग लेकर बड़ा काम करने मुंबई जा पहुँचे। इसी के बाद दोनों ने सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग कर पूरे मुंबई को हिला कर रख दिया। 

काम कराने का 'लॉरेंस स्टाइल'

पुलिस अफसरों की मानें तो लॉरेंस गैंग की ये क्रेडिबिलिटी कमाल की है। गैंग में शामिल होने के लिए नए रंगरूटों का इस तरह काम करने के लिए तैयार होना, ही अजीब है। और सच कहा जाए तो लॉरेंस ने इसी के जरिए अंडरवर्ल्ड और गैंग्स्टरों के बीच सुपारी के फैशन को भी पीछे छोड़ देता है। बल्कि ये एक तरह से नए रिवाज की शुरूआत भी है। क्योंकि मुंबई में अब तक गैंग्स्टर या अंडरवर्ल्ड के काम करने का तौर तरीका यही रहा है कि पहले वो सुपारी देते हैं, तब काम होता है। लेकिन लॉरेंस के गैंग में भर्ती होने के लिए ये नया रिवाज सचमुच पुलिस के लिए खतरे की घंटी बन सकता है। क्योंकि बिना पैसे दिये सिर्फ गैंग के नाम और ग्लैमर की बदौलत इस गैंग ने न जाने कितने नौजवानों को अपने जाल में फंसा कर बंदूक थमा दी हो।

मुंबई से अंडरवर्ल्ड का सफाया

ये बात सभी जानते हैं कि साल 2022 में पंजाब के मशहूर सिंगर सिद्धू मूसेवाला को मरवाने वाला असली मास्टरमाइंड लॉरेंस बिश्नोई ही है। लेकिन इस वक़्त लॉरेंस अहमदाबाद की साबरमती जेल में बंद है। बीते डेढ़ दशक के दौरान मुंबई पुलिस ने इस मायानगरी से छोटा राजन, दाऊद इब्राहिम और रवि पुजारी जैसे खतरनाक अंडरवर्ल्ड गैंग का पूरी तरह से सफाया कर दिया था। लेकिन अब मुंबई पुलिस के तमाम बड़े अफसरों को लगने लगा है कि आमतौर पर पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में अपना ऑपरेशन चलाने वाला लॉरेंस बिश्नोई नया अंडरवर्लड डॉन बनने के रास्ते पर है। 

पेशेवर तरीके से सलमान खान केस की जांच

इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक मुंबई पुलिस के ज्वाइंट कमिश्नर लखमी गौतम ने साफ कर दिया है कि मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच सलमान खान केस की पड़ताल पेशेवर तरीके से कर रही है। ताकि किसी भी सूरत में लॉरेंस को इसका फायदा उठाने का मौका न मिल सके। ज्वाइंट कमिश्नर के मुताबिक अब हम कोई नया सिरदर्द इस शहर के लिए नहीं चाहते। 

    follow google newsfollow whatsapp