सलमान खान फायरिंग केस में छठी गिरफ्तारी, हरियाणा के हैरी ने ही करवाई थी सलमान की जासूसी
Mumbai Salman Khan Firing Case: मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने हरियाणा के फतेहाबाद जिले से आरोपी हरपाल सिंह उर्फ हैरी को गिरफ्तार किया है। हरपाल सिंह पर पहले से गिरफ्तार मोहम्मद रफीक चौधरी को पैसे दे कर सलमान खान की रेकी करवाने का आरोप है।
ADVERTISEMENT

Mumbai: मुंबई पुलिस ने सलमान खान फायरिंग केस में आगे की कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल छठे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने हरियाणा के फतेहाबाद जिले से आरोपी हरपाल सिंह उर्फ हैरी को गिरफ्तार किया है। हरपाल सिंह पर पहले से गिरफ्तार मोहम्मद रफीक चौधरी को पैसे दे कर सलमान खान की रेकी करवाने का आरोप है। आरोपी रफीक चौधरी की गिरफ्तारी 7 मई को मुंबई पुलिस ने राजस्थान के नागौर जिले के बंसी गांव से की थी। उस वक्त पुलिस ने खुलासा किया था कि पकड़ा गया आरोपी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से सीधे तौर पर जुड़ा है। चौधरी पर आरोप है कि उसने उन शूटरों को पैसे मुहैया करवाए थे जिन्होंने सलमान खान के घर पर गोली चलाई थी।
आरोपी को ले कर मुंबई निकली पुलिस
मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी हरपाल सिंह को हरियाणा से मुंबई ले जाने के लिये चार दिन की ट्रांजिट रिमांड मांगी थी लेकिन कोर्ट की ओर से दो दिन की रिमांड ही मंजूर की गई। उम्मीद की जा रही है कि इसके बाद पुलिस की पूछताछ में सलमान खान के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में नये खुलासे होंगे। सलमान खान के बांद्रा वाले घर गैलेक्सी अपार्टमेंट पर 14 अप्रैल को हुई फायरिंग में शूटरों ने एक दो नहीं बल्कि पूरे पांच राउंड फायर किए थे। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीमें अभी तक इस मामले की जांच में जुटी हैं।
ADVERTISEMENT
केस को लेकर फतेहाबाद से मिले अहम सुराग
पुलिस सूत्रों के मुताबिक केस की जांच कर रही मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम पिछले कई दिनों से फतेहाबाद में कैंप कर रही थी। इस दौरान उसने न सिर्फ आरोपी हैरी को ट्रेस किया बल्कि केस से जुड़े कई अहम सबूत भी हासिल किये। बताया जा रहा है कि चूंकि हैरी शूटर्स से सीधे मिलने के बजाए अलग-अलग सिम कार्ड इस्तेमाल कर मोबाइल से सम्पर्क में रहता था लिहाजा शहर की कुछ मोबाइल फोन रिपेयर की दुकानों पर छापा मार पुलिस टीम ने कई मोबाइल सेट और सिम कार्ड भी जब्त किए हैं।
ADVERTISEMENT
ADVERTISEMENT
