
राहुल कंवल/अशोक सिंघल के साथ चिराग गोठी की रिपोर्ट
Russia Ukraine War : रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सुबह यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की से लंबी बात की है। दोनों राष्ट्राध्यक्षों के बीच लगभग 11.30 बजे 35 मिनट तक फोन पर बातचीत हुई। उधर, रूस ने चार इलाकों में सीजफायर का ऐलान किया है। पुतिन ने कीव, सुमी, खारकीव और मारियूपोल में युद्ध विराम का ऐलान कर दिया।
पीएम मोदी और राष्ट्रपति जेलेंस्की ने यूक्रेन में पैदा हुई युद्ध की स्थिति पर चर्चा की और इसके अलग अलग आयामों पर विचार किया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने रूस और यूक्रेन के बीच जारी सीधी बातचीत की सराहना की। प्रधानमंत्री मोदी ने यूक्रेन से भारतीय नागरिकों को निकालने में यूक्रेन सरकार द्वारा दी गई सहायता के लिए राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की को धन्यवाद दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने सुमी से भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए यूक्रेन सरकार से समर्थन की मांग की।
युद्ध विराम
इस बीच राष्ट्रपति पुतिन ने कीव, सुमी, खारकीव और मारियूपोल में युद्ध विराम का ऐलान कर दिया है। सुमी में 700 मेडिकल स्टूडेंट फंसे हैं। ये इलाका युद्ध से सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां कई छात्र बंकर में फंसे हैं।