बहराइच में मिनी बस और ट्रक की टक्कर में तीन महिलाओं समेत सात तीर्थ यात्रियों की मौत
Up news : यूपी के बहराइच में हादसा, कई लोगों की मौत, मरने वाले लोगों में तीर्थयात्री शामिल
ADVERTISEMENT

UP news : उत्तर प्रदेश में बहराइच-लखीमपुर मार्ग पर रविवार सुबह एक मिनी बस और ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर हो जाने से बस में सवार तीन महिलाओं समेत सात तीर्थयात्रियों की मौत हो गई तथा नौ अन्य तीर्थयात्री गंभीर रूप से घायल हो गये।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अशोक कुमार ने रविवार को ‘पीटीआई भाषा’ को बताया कि कर्नाटक के बीदर जिले से 16 यात्री मिनी बस में सवार होकर तीर्थयात्रा के लिए अयोध्या जा रहे थे, लेकिन बहराइच-लखीमपुर मार्ग पर जिले के मोतीपुर थाना अंतर्गत नैनिहा मंडी के पास उनका वाहन विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से टकरा गया और बस चालक सहित पांच तीर्थयात्रियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई तथा दो अन्य ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दुर्घटना में नौ लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज हेतु जिला चिकित्सालय भेजा गया है। उन्होंने बताया कि मृतकों में तीन महिलाएं शामिल हैं। मृतकों के परिवार वालों को सूचित कर दिया गया है।
ADVERTISEMENT
उन्होंने बताया कि ट्रक चालक अपने वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया है।
कुमार ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए और मृतकों के शव एवं घायल तीर्थयात्रियों को बड़ी मशक्कत से बाहर निकाला गया।
ADVERTISEMENT
ADVERTISEMENT
