Goa : कैमरा, एक्शन और मर्डर; गोवा में समंदर किनारे बीवी के कत्ल की अजीब कहानी

ADVERTISEMENT

Goa Murder Case : गोवा में बीवी का कत्ल करने वाला कातिल पति
Goa Murder Case : गोवा में बीवी का कत्ल करने वाला कातिल पति
social share
google news

गोवा से रितेश देसाई के साथ दिव्येश सिंह की रिपोर्ट

Goa Murder Mystery : ना ये कहानी है. और ना ये कोई फिल्म. फिर भी एक क्लिक से खुल जाता है एक मर्डर मिस्ट्री का राज. एक दिनदहाड़े कत्ल. लेकिन किसी आंखों के सामने नहीं हुआ. पर कैमरों ने ऐसा राज खोल दिया जिसके बारे में उस कातिल ने भी नहीं सोचा था. आखिर क्या है गोवा की ये मर्डर मिस्ट्री. आइए जानते हैं. जासूसी की दुनिया में या फिर हॉलीवुड की फिल्मों में तो ऐसा होते हमने और आपने कई बार देखा, पढ़ा, सुना होगा। मगर असल जिंदगी में भी ऐसा इत्तेफाक हो जाए, कम ही होता है। गोवा के खूबसूरत बीच पर एक शख्स अपनी बीवी का क़त्ल कर रहा होता है। और उसी बीच से दूर एक घर में बैठे कुछ लोग यूं ही समंदर की लहरों की तस्वीरें अपने कैमरे में क़ैद कर रहे होते हैं। और इत्तेफाक से उन्हीं लहरों के साथ-साथ उनका कैमरा एक लाइव क़त्ल को कैद कर लेता है।  

19 जनवरी को दोपहर में हुआ समंदर किनारे हुआ कत्ल

19 जनवरी शुक्रवार की दोपहर करीब पौने चार बजे का वक़्त था। साउथ गोवा के काबो-डी-रामा के मशहूर राजबाग़ बीच पर तब तमाम सैलानी मौजूद थे। लेकिन इस बीच का एक कोना ऐसा था, जहां बड़ी बड़ी चट्टानें थी। समंदर की लहरें इन चट्टानों तक उस तरह नहीं पहुंचती थी, जैसी एक खुली बीच के किनारे पहुंचती है। यानी यहां पर कम ही सैलानी आया करते थे। लेकिन 19 फरवरी की दोपहर दो लोग इस बीच पर पहुंचते हैं। एक महिला और एक पुरुष। कुछ देर बाद उस महिला का साथी बीच से वापस लौट रहा होता है। अब महिला उसके साथ नहीं थी। बस यहीं से उस कत्ल और कातिल का सच सामने आ जाता है.   

यह भी पढ़ें...

ADVERTISEMENT

साउथ गोवा के काबो-डी-रामा इलाके में इस राजबाग बीच के किनारे बहुत सारे अपार्टमेंट्स बने हुए हैं। ज्यादातर इन रिहायशी अपार्टमेंट्स में सैलानियों के भी ठहरने के इंतजाम हैं। ऐसी ही एक आपार्टमेंट में बैठा एक लेडी 19 जनवरी की दोपहर बीच और समंदर की लहरों को अपने मोबाइल के कैमरे में रिकॉर्ड कर रही थी। तभी उसे एक कपल चट्टानों के बीच इस जगह जाता हुआ दिखाई देता है। लेकिन कुछ देर बाद उसका कैमरा दिखाता है कि कपल में से एक पुरुष तो वापस लौट रहा है, लेकिन महिला नहीं है। अब वो कैमरे का पूरा फोकस उसी तरफ कर देती है। कुछ देर बाद फिर वहां पर हलचल होती है। वही शख्स थोड़ी देर बाद आराम से टहलते हुए उसी जगह वापस जाता दिखाई देता है। वहां कुछ देखने के बाद वो एक बार फिर लौट जाता है।  

Goa Murder Case : गोवा का समंदर किनारा

देखो वो है किलर..किलर.. 

Goa Murder Mystery : कैमरा अब भी ऑन था। अब अचानक कैमरे में वही शख्स जो अपनी महिला साथी को छोड़ कर पहले अकेला लौटा, फिर वापस उसी जगह गया, फिर लौट आया, अब तीसरी बार उसी तरफ जा रहा था। लेकिन इस बार वो बाकायदा दौड़ रहा था। बदहवास और घबराया हुआ था। उसे इस तरह दौड़ते देख उसी बीच पर घूमने आई एक महिला अब उसे पीछे दौड़ने लगती है। ये सोच कर कि वो परेशान है और पता नहीं क्या हो गया है? कैमरा अब भी ऑन था... लेकिन इस बार तस्वीर के साथ-साथ कैमरा रिकॉर्ड करने वाले की आवाज भी सुनाई देती है। जिस शख्स के पीछे वो महिला दौड़ रही थी, वीडियो रिकॉर्ड करने वाली उसे देख कर ज़ोर ज़ोर से चीखती है और कहती है -- उसी ने मारा है... उससे दूर हट जाओ... वो एक्टिंग कर रहा है... ये बात वो अंग्रेजी में बोल रही थी...    पर शायद उस शख्स के पीछे दौड़ रही उस महिला के कानों तक उसकी आवाज नहीं पहुंच रही थी... इसीलिए वो अब भी उसके पीछे दौड़े जा रही थी... आगे आगे दौड़ रहा शख्स अचानक समंदर किनारे एक बड़े से पत्थर के पास रुकता है। फिर झुकता है। फिर अचानक कोई चीज़ वहां से घसीटता हुआ नजर आता है। 

ADVERTISEMENT

ये चीज कुछ और नहीं बल्कि एक महिला की लाश थी। और ये महिला कोई और नहीं, बल्कि लाश घसीटते जो शख्स नजर आ रहा है, ये उसी की पत्नी थी।  बस यूं समझ लीजिए कि अगर इस बीच से कुछ सौ मीटर के फासले पर एक अपार्टमेंट की बालकोनी से एक महिला इत्तेफाकन अपने मोबाइल पर ये वीडियो शूट ना कर रही होती, तो ये कहानी कुछ और होती। कहानी ये होती कि एक पत्नी जो बीच पर घूमने गई थी, समंदर की लहरों की चपेट में आ कर डूब गई। जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई। लेकिन ये इत्तेफाक ही था कि एक कैमरा रिकॉर्डिंग मोड पर था और उसने कत्ल की एक गुत्थी को गुत्थी बनने से पहले ही सुलझा दिया।   

ADVERTISEMENT

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी पति

कौन है कातिल पति गौरव कटियार  

Goa Murder Mystery : तो अब चलिए इस कहानी के किरदार और किरदार की कहानी से रु ब रू होते हैं। ये गौरव कटियार है। रहनेवाला लखनऊ का है, लेकिन पिछले सात सालों से गोवा के एक नामचीन पांच सितारा होटल मैरिएट इंटरनेशनल के रेस्तरां का मैनेजर है। वो इतने ही समय से फूड एंड बेवरेज इंडस्ट्री से जुड़ा हुआ है। लखनऊ में ही रहने वाली 27 साल की दीक्षा गंगवार से लगभग साल भर पहले 2022 में गौरव की शादी हुई थी। दोनों की शादी अरेंज्ड मैरिज थी। शादी के बाद दीक्षा गौरव के साथ गोवा में ही रह रही थी। हालांकि शादी के कुछ महीने बाद से पति-पत्नी में झगड़ा शुरू हो गया था।    19 जनवरी की दोपहर पूरी प्लानिंग के साथ गौरव दीक्षा को घुमाने के बहाने अपने साथ राजबाग बीच पर ले गया। 

वो इस बीच से अच्छी तरह से वाकिफ था। उसे पता था कि बीच के एक किनारे पर बड़ी-बड़ी चट्टानें हैं और यहां अमूमन सन्नाटा रहता है। दीक्षा को उसी जगह ले जाने के बाद उसने मौका मिलते ही वहीं दीक्षा को पकड़ कर समंदर के पानी में उसका मुंह डूबो दिया और तब तक डुबोता रहा, जब तक कि दीक्षा ने दम नहीं तोड़ दिया था। दीक्षा की मौत के बाद वो उसकी लाश को समंदर किनारे ही घसीट कर इसी पत्थर के करीब छोड़ कर चला गया। बीच के दूसरे हिस्से में बहुत सारे सैलानी थे। आईसक्रीम और बाकी चीजों की दुकानें थी। वो उधर ही कुछ देर टहलता रहा। फिर थोड़ा वक्त बीतने के बाद वो दोबारा उसी जगह आया, जहां उसने दीक्षा की लाश रखी थी। इस बार वो ये फिर से कनफर्म करने आया था कि दीक्षा मर चुकी है।   

इसी जगह पर हत्या को अंजाम दिया गया

शोर मचाते हुए नाटक किया, बोलता रहा मेरी बीवी डूब गई

Goa Murder Case : अब दीक्षा की मौत का यकीन हो जाने के बाद उसे प्लानिंग के तहत अगला क़दम उठाना था। और उसने उठाया। अब वो बीच पर चीखता हुआ और शोर मचाता हुआ कि मेरी बीवी समंदर में डूब गई, उसी तरफ दौड़ने लगता है, जहां पर पत्थरों की ओट में उसने दीक्षा की लाश छुपा रखी थी। इत्तेफाक से उसे दौड़ता देख एक टूरिस्ट भी उसके पीछे दौड़ पड़ती है। फिर उसी की मौजूदगी में अब वो अपनी पत्नी की लाश घसीट कर पत्थरों से बाहर निकालता है। दरअसल, गौरव की प्लानिंग यही थी कि वो दीक्षा की मौत समंदर में डूबने से दिखाना चाहता था। लेकिन अफसोस इत्तेफाक से ऑन एक मोबाइल कैमरे ने उसकी सारी पोल खोल दी। इस वक्त गौरव गोवा पुलिस की हिरासत में है। 

शुरुआती पूछताछ के मुताबिक शादी के बाद गोवा पहुंचने के बाद से ही गौरव और दीक्षा के रिश्ते ठीक नहीं चल रहे थे। दोनों में अक्सर झगड़ा होता। दीक्षा को शक था कि गौरव के किसी और से अफेयर है। और इसी बात पर अक्सर दोनों झगड़ा करते थे। पुलिस की पूछताछ में गौरव ने कबूल किया कि वो दीक्षा की मौत को एक हादसा दिखाने के लिए ही समंदर के किनारे बीच पर ले गया था। प्लान ये था कि कत्ल के बाद वो बीच पर ही आईसक्रीम खरीदने जाएगा और जब आईसक्रीम लेकर लौटेगा, तो दीक्षा को न पाकर वो शोर मचाएगा। लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींचेगा और फिर चश्मदीदों की मौजूदगी में वो उन्हें उस जगह पर ले जाएगा, जहां दीक्षा की लाश पहले से ही उसी ने रख रखी थी। पर एक इत्तेफाक ने पहेली बनने से पहले ही दीक्षा के क़त्ल की पहेली को चंद घंटों के अंदर ही सुलझा दिया।  जुर्म की दुनिया में ऐसा कई बार होता है जब इंसान का कैमरा यानी उसकी नजरें या निगाहें जुर्म होते हुए लाइव देखती हैं। लेकिन कई बार बाद में वही नजरें और निगाहें बदल जाती हैं। झूठ बोलती हैं। लेकिन कैमरा कभी झूठ नहीं बोलता। 

    follow on google news
    follow on whatsapp

    ADVERTISEMENT