
आशीष श्रीवास्तव के साथ चिराग गोठी की रिपोर्ट
Lucknow Doctor Cheat : जिस लड़की से शादी होने वाली थी, उसने ही चूना लगा दिया। ये कहानी है लखनऊ की और चूना लगा है हार्ट स्पेशलिस्ट डॉक्टर को। दरअसल हार्ट स्पेशलिस्ट डॉक्टर दूसरी शादी करने का मन बना रहे थे। शादी को लेकर जिस महिला से डॉक्टर की बात चल रही थी, उसी ने डॉक्टर से एक करोड़ 80 लाख रुपये ऐंठ लिए।
पूरा मामला जानिए
लखनऊ के रहने वाले 70 साल के हार्ट स्पेशलिस्ट डॉक्टर मुरादाबाद के बड़े अस्पताल में तैनात हैं। तीन साल पहले उनकी पत्नी की मृत्यु हो गई थी। दूसरी शादी करने के लिए जनवरी में अखबार में ऐड छपवाया। उन्होंने 40 साल की कृशा शर्मा को पसंद किया। कृशा से कॉल और WhatsApp जरिए दोनों के बीच बातें होने लगीं।
पुलिस के मुताबिक, कृशा ने बताया था कि वो तलाकशुदा है और यूएसए के फ्लोरिडा में रह रही है। साथ में ये भी कहा कि वो अमेरिका के एक बड़े कार्गों शिप पर इंजीनियर की जॉब कर रही है। महिला ने बताया कि करीब डेढ़ महीने बाद वह मुंबई होते हुए लखनऊ आएगी। जॉब के दौरान उसने काफी सारा गोल्ड अफ्रीका से खरीदा है। उसे वह भारत भिजवाना चाहती है।
कृशा ने कहा कि वह रॉयल सिक्योरिटी कंपनी से गोल्ड को भेज रही है। उसने डॉक्टर को गोल्ड रिसीव करने को कहा। कूरियर कंपनी की तरफ से डॉक्टर को फोन आया। उन्होंने कस्टम ड्यूटी और परमिशन फीस के नाम पर डॉक्टर से 1 करोड़ 80 लाख रुपये मांगे। डॉक्टर ने भी उन्हें रुपये दे दिये। बाद में जब उन्होंने कृशा को फोन किए तो उसका नंबर स्विच ऑफ आने लगा, जिसके बाद डॉक्टर को ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने साइबर क्राइम थाना लखनऊ में FIR दर्ज कराई है।