UP Crime News : रेप के आरोप में एक बालिग छात्र को परीक्षा वाले दिन ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। 12वीं की पहली परीक्षा छूटने से ही आरोपी छात्र तनाव में था। बताया जा रहा है कि उसी वजह से परेशान युवक ने जेल के अंदर ही गमछे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। ये मामला उत्तर प्रदेश के कन्नौज का है।
जेल अधीक्षक विष्णुकांत मिश्रा ने सोमवार को बताया कि दुष्कर्म के आरोप में जेल में बंद अभिनव उर्फ प्रखर सिंह (21) का शव रविवार यानी 1 मई की शाम लगभग सात बजे बैरक के पीछे पानी की पाइप लाइन में गमछे से बनाए गए फंदे से लटकता पाया गया। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र ने इस घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं।
Crime News in Hindi : सूत्रों के मुताबिक इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला अभिनव उर्फ प्रखर सिंह कक्षा 12वीं का छात्र था, उसके खिलाफ गांव की एक लड़की ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था और गत 24 मार्च को 12वीं की परीक्षा का पहला पेपर था, उसी दिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि उसे जेल में बैरक नंबर 20 में रखा गया था। रविवार शाम सात बजे के बाद जेल के वार्डन सत्यपाल सिंह ने बैरक के पीछे पाइप लाइन से फांसी पर उसे लटका देखा जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र व पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा जिला जेल पहुंचे और अधिकारियों से उन्होंने बातचीत की।