
Tajmahal News : आगरा के ताजमहल परिसर की मस्जिद में नमाज पढ़ने वाले 4 पर्यटकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें से 3 युवक हैदराबाद और एक आजमगढ़ का रहने वाला है। चारों ताज परिसर में बनी मस्जिद में नमाज पढ़ रहे थे जबकि वहां सिर्फ शुक्रवार को ही नमाज अदा करने की इजाजत है।
कैसे हुई घटना ? क्या अंजाने में हुई गलती ?
बुधवार को हैदराबाद से चार युवक आगरा में ताजमहल देखने आए थे। चारों ताजमहल घूमने के बाद परिसर में बनी मस्जिद पहुंचे, जहां जानकारी के अभाव में नमाज पढ़ने लगे। इसकी खबर मिलते ही ताज की सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ के जवानों ने चारों पर्यटकों को मौके पर जाकर पकड़ा और स्थानीय ताजगंज पुलिस थाने के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 153 में केस दर्ज किया है।
इस बात की जांच की जा रही है कि क्या जानबूझकर उन्होंने ऐसा किया या फिर ये सब गलती से हुआ। पुलिस की मानें तो पर्यटकों ने नियमों के खिलाफ जाकर काम किया है। हर हफ्ते जुमा यानी शुक्रवार के दिन ही सिर्फ स्थानीय लोगों को ताज परिसर में बनी मस्जिद में आईडी दिखाने के बाद नमाज के लिए प्रवेश दिया जाता है।