
वरुण सिन्हा के साथ चिराग गोठी की रिपोर्ट
JAMA MASID PROTEST : पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ विवादित टिप्पणी के मामले को लेकर विवाद बढ़ गया है। शुक्रवार को दिल्ली के जामा मस्जिद से लेकर कोलकाता, लखनऊ तक नूपुर शर्मा और नवीन जिंदल के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन हुआ। लखनऊ, देवबंद, सहारनपुर में नूपुर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर हंगामा हुआ।
पूरा मामला जानिए
शुक्रवार को जुमा की नमाज के बाद लोगों ने नूपुर शर्मा और नवीन जिंदल पर कार्रवाई करने की मांग को लेकर मस्जिद में विरोध प्रदर्शन किया। जामा मस्जिद के शाही इमाम का कहना है कि उन्हें इस विरोध प्रदर्शन के बारे में कुछ पता नहीं है, न ही मस्जिद की ओर से कोई विरोध प्रदर्शन बुलाया गया था।
बीजेपी से निलंबित प्रवक्ता नूपुर शर्मा ने एक टीवी डिबेट में पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी की थी। इसके बाद विवाद काफी बढ़ गया था। यहां तक कि अरब देशों ने भी नूपुर शर्मा की टिप्पणी की निंदा की थी। दिल्ली पुलिस ने हाल ही में भड़काऊ टिप्पणी करने के मामले में नूपुर शर्मा, असदुद्दीन ओवैसी समेत 32 लोगों पर केस दर्ज किया था।