
Ayodhya Update : अयोध्या में धार्मिक माहौल बिगाड़ने की बड़ी साजिश रची गई थी, जिसका पर्दाफाश किया गया है। यहां कुछ शरारती तत्वों ने जालीदार टोपी लगाकर आपत्तिजनक पर्चे और धार्मिक स्थलों पर मांस के टुकड़े फेंक दिए। पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने मुताबिक, आरोपी जहांगीरपुरी का बदला लेना चाहते थे। आरोपियों ने कहा कि हनुमान जयंती के मौके पर जहांगीरपुरी में हिंसा हुई, इसलिए वे लोग ईद पर माहौल खराब करना चाहते थे।
पूरा मामला जानिए
Crime News Hindi: ये सभी 'हिंदू योद्धा संगठन' से जुड़े हुए बताये गए हैं। गिरफ्तार लोगों में महेश मिश्रा (मास्टरमाइंड), प्रत्यूष कुमार, नितिन कुमार, दीपक गौड़, ब्रजेश पांडे, शत्रुघ्न व विमल पांडेय शामिल हैं। इन पर मस्जिदों के बाहर आपत्तिजनक सामान फेंक कर तनाव की साजिश रचने का आरोप है। ये लोग सीसीटीवी में भी कैद हुए थे। आरोपी खुद चाहता था कि वह ऐसा करता हुआ CCTV में कैद हो, इसलिए उसने इलाके की ऐसी दो मस्जिदें चुनीं जहां पर सीसीटीवी लगा हुआ था। पुलिस के मुताबिक, इस साजिश को रचने वाला आरोपी हिस्ट्रीशीटर है जिस पर चार मामले पहले से दर्ज हैं।
किसी ने पर्चे छपवाए तो किसी ने कुरान और टोपी खरीदी
महेश मिश्रा इसका मास्टरमाइंड था। उसने ब्रजेश पांडे नाम के शख्स के घर पर इसकी प्लानिंग रची थी। महेश ने आपत्तिजनक पर्चे लालबाग से छपवाये थे। वहीं आरोपी प्रत्यूष श्रीवास्तव ने कुरान और टोपी खरीदी थी। इसके अलावा अन्य आरोपी ने लालबाग से मांस खरीदा था। इस सामान को 26 अप्रैल को जुटाया गया और फिर कश्मीरी मोहल्ला मस्जिद में मांस और कुरान को फेंका। फिर दूसरी मस्जिद में आपत्तिजनक सामान और मांस फेंका गया।