Delhi Swiss Lady Murder : मरने से पहले स्विस महिला ने किया था अनुष्ठान, हत्या के पीछे पैसों का लेनदेन

ADVERTISEMENT

Delhi Swiss Lady Murder Update
Delhi Swiss Lady Murder Update
social share
google news

Delhi Swiss Lady Murder Update : दिल्ली में हुई स्विट्जरलैंड की रहने वाली महिला की हत्या को लेकर कई अहम खुलासे हुए हैं। ऐसा लग रहा है कि इस हत्याकांड के पीछे पैसों का लेनदेन वजह हो सकती है।   

इस मामले के आरोपी 33 साल के गुरप्रीत सिंह के घर से चार हथियार जब्त किए जाने के बाद उस पर शस्त्र अधिनियम के तहत एक अन्य मामला दर्ज किया गया है। आरोपी आठवीं कक्षा तक पढ़ा है।

नीना ने लिया था आरोपी से पैसा!

सूत्रों ने बताया कि नीना बर्जर पर सिंह का सात लाख रुपये बकाया था और विभिन्न एटीएम से पैसे निकालने के बर्जर के प्रयास तकनीकी कारणों से निष्फल हो गए क्योंकि उसका बैंक खाता स्विट्जरलैंड में था।

ADVERTISEMENT

लगभग 30 वर्षीय बर्जर का क्षत-विक्षत शव 20 अक्टूबर को तिलक नगर में एक नगर निगम स्कूल की दीवार के पास मिला था। उसके हाथ-पैर धातु की जंजीरों से बंधे थे, जिन पर ताला लगा था।

बर्जर का शव मिलने के एक दिन बाद रत्न व्यापारी सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया था और पुलिस हिरासत समाप्त होने के बाद रविवार को उसे तिहाड़ जेल भेज दिया गया था।

ADVERTISEMENT

इससे पहले सिंह ने खुलासा किया था कि बर्जर ने उसके विवाह प्रस्ताव को ठुकरा दिया था, इसलिए उसने उसकी हत्या कर दी।

ADVERTISEMENT

पुलिस सूत्रों ने बताया कि पूछताछ के दौरान और बर्जर के मोबाइल फोन से प्राप्त ‘चैट’ संदेश के आधार पर हत्या का कारण वित्तीय विवाद प्रतीत होता है।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘फोन पर हुई बातचीत के अनुसार सिंह ने बर्जर से कई बार पैसे वापस मांगे थे। हत्या से पहले बर्जर ने विभिन्न एटीएम से पैसे निकालने का प्रयास किया था, लेकिन वह असफल रही थी। सिंह एक एटीएम पर उसके साथ गया था।’’

पुलिस ने कहा कि बर्जर ने यह पता लगाने के लिए एक बैंक प्रबंधक से भी संपर्क किया था कि क्या वह अपने स्विट्जरलैंड स्थित बैंक खाते से बड़ी रकम निकाल सकती है।

पुलिस के अनुसार, सिंह पिछले पांच वर्ष से बर्जर को जानता था और अपनी स्विट्जरलैंड यात्रा के दौरान उसने उसे रत्न दिए थे और एक गुप्त अनुष्ठान किया था जिसमें बर्जर भी शामिल हुई थी। सिंह ने बर्जर को आश्वासन दिया था कि इस अनुष्ठान से उसकी सभी समस्याएं खत्म हो जाएंगी। सवाल ये भी उठता है कि आखिर उसकी क्या समस्याएं थी?

दोनों के बीच हुए संदेशों के आदान प्रदान से यह भी पता चला कि सिंह ने उसे भारत आने के लिए मजबूर किया।

गुप्त अनुष्ठान में लिया भाग, इसके बाद हुई मौत

हत्या के दिन भी बर्जर ने बैंक से पैसे निकालने की कोशिश की थी, लेकिन वह विफल रही थी। पुलिस ने कहा कि इसके बाद सिंह ने उसे एक अन्य गुप्त अनुष्ठान में भाग लेने का सुझाव दिया और उसके हाथ-पैर बांध दिए एवं उसके चेहरे को कचरे के थैले से ढक दिया, जिसके कारण दम घुटने से उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने यह भी कहा कि उसने सिंह के एक घर से बरामद किए गए हथियारों की जांच शुरू कर दी है।

सिंह के जनकपुरी में एक घर के अलावा तिलक नगर में भी एक और घर है। इन दोनों घरों से 28 गोलियां, तीन अत्याधुनिक हथियार और एक देशी पिस्तौल जब्त की गई है। सिंह के जनकपुरी वाले घर में उसकी मां और बहन रहती हैं।

सूत्रों ने कहा कि पुलिस ने तिलक नगर थाने में शस्त्र अधिनियम के तहत एक अलग प्राथमिकी दर्ज की है और सिंह को फिर से पुलिस हिरासत में लिया जा सकता है।

पुलिस को यह भी संदेह है कि सिंह का पिता बर्जर को जानता था और स्विट्जरलैंड और फ्रांस में उससे मिला था। ऐसा पता चला है कि सिंह का पिता फ्रांस में है और जांच में शामिल होने के लिए अभी तक भारत नहीं आया है।

PTI

    follow on google news
    follow on whatsapp

    ADVERTISEMENT

    यह भी पढ़ें...