शादी के अरमानों पर फिर गया पानी जो देखी थी वो नहीं निकली सपनों की रानी

Crimetak.in

28 Aug 2021 (अपडेटेड: Mar 6 2023 4:04 PM)

Man duped on the pretext of marriage

CrimeTak
follow google news

इटावा से संवाददाता अमित तिवारी की रिपोर्ट

ये वारदात है उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के सिविल लाइन थाने की । इस थाने के दायरे में विजयपुरा नाम का गांव आता है जिसमें शत्रुघन अपनी मां के साथ रहता है। शादी नहीं होने की वजह से शत्रुघन परेशान था, दिन-रात इस बात की फिक्र खाई जाती थी कि आखिर कब उसके घर में भी शहनाई बजेगी, उसके सिर पर भी सेहरा सजेगा।

यह भी पढ़ें...

बूढ़ी मां भी चाहती थी कि घर में बहू आ जाए तो घर के कामों से जान छूटे। कई जगह रिश्तों की बात चलाई गई लेकिन कहीं भी मामला सेट नहीं हो पाया।

गांव के ही कुछ लोगों ने शत्रुघन को बताया कि उनकी जानकार एक लड़की से वो उसकी शादी करवा सकते हैं लेकिन उसके एवज में उसे पैसे खर्च करने पड़ेंगे। शत्रुघन राज़ी हो गया, शत्रुघन को इलाके के ही एक मंदिर में 20 साल की एक लड़की दिखाई गई।

लड़की देखते ही उसे वो पसंद आ गई। लड़की के साथ उसकी मौसी आई थी, लड़की का नाम सुनीता बताया गया। शत्रुघन ने रिश्ता पक्का करने के लिए लड़की को हज़ार रुपये एक मिठाई का डिब्बा भी दे दिया।

इसके बाद रिश्ता कराने वालो ने शत्रुघन से पैसे ले लिए। शत्रुघन ने अपनी शादी की तैयारी शुरु कर दी अपने तमाम कपड़े भी खरीद लिए, दुल्हन के लिए भी कपड़े खरीद लिए । शुक्रवार को रिश्ता कराने वालों ने शत्रुघन को शादी करने के लिए बुलाया।

शत्रुघन को उसी मंदिर में बुलाया गया था जहां पर उसे लड़की दिखाई थी। लड़की को तैयार करने के लिए जब शत्रुघन की मां पहुंची तो उसे उसकी उम्र काफी ज्यादा लगी।

मां ने ये बात जब बेटे को बताई तो उसने भी लड़की को देखा तो पता चला कि ये वो लड़की नहीं है जो दिखाई गई थी बलकि वो तो 45 साल की महिला और दो बच्चों की मां थी। इस बात की शिकायत जब शत्रुघन ने रिश्ता कराने वालों से की तो वो उसके साथ मारपीट पर उतारु हो गए। उसने पैसे वापस करने की बात कही तो वो पैसे लौटाने के लिए भी राजी नहीं हुए। थकहार कर शत्रुघन ने अपने साथ हुई ठगी की रिपोर्ट इटावा के सिविल लाइंस थाने में कर दी।

पुलिस ने शत्रुघन की रिपोर्ट दर्ज कर ली है और मामले की तफ्तीश में जुट गई है। शादी में ठगे जाने की ऐसी कई वारदात सामने आ चुकी हैं बावजूद इसके लोग अब भी शादी के नाम पर ठगी की वारदात का शिकार हो जाते हैं।

    follow google newsfollow whatsapp