UP Crime News: प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने रची पति की हत्या की साजिश, कत्ल से पहले खुल गया सुपारी किलर्स का राज़!

TANSEEM HAIDER

13 Mar 2023 (अपडेटेड: Mar 13 2023 3:45 PM)

UP Murder Conspiracy: यूपी एसटीएफ ने युवती व उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है, हत्या के ठीक एक घंटा पहले साजिश का खुलासा हो गया।

follow google news

UP Crime Video: यूपी एसटीएफ ने प्रयागराज में प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रचने वाली पत्नी व उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी सुरेंद्र सिंह और उसकी गर्लफ्रेंड कविता सिंह को गिरफ्तार किया है। 

दरअसल यूपी की स्पेशल टास्क फोर्स को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रयागराज के झूंसी इलाके में कुछ लोग शूटर के इंतजाम में लगे हैं और किसी बड़े हत्याकांड को अंजाम देने की साजिश रची जा रही है। इसी आधार पर यूपी एसटीएफ की टीम ने सर्विलांस के जरिए कुछ संदिग्ध नंबरों की जांच शुरु की । 

यह भी पढ़ें...

 इसी दौरान पुलिस को खबर मिली की झूंसी निवासी सुरेन्द्र सिंह नाम का शख्स शातिर अपराधी मनोज पासी, सुभाष पासी और सौरभ पाठक के साथ मिलकर किसी व्यक्ति की हत्या करने का षड्यंत्र रच रहा है। इस काम के लिए पैसे की व्यवस्था सुरेन्द्र सिंह ही कर रहा है। जानकारी ये भी मिली कि हत्या के लिए अपराधियों ने असलहे व गाड़़ी का इंतजाम कर लिया है। हैरानी की बात ये है कि इस हत्याकांड को 12 मार्च को अंजाम देना था। 

एसटीएफ ने जांच आगे बढ़ाई तो पता चला कि सुरेन्द्र सिंह गंगोत्रीनगर हवेलिया, थाना झूंसी, जनपद प्रयागराज का रहने वाला है। सुरेंद्र सिंह अपनी प्रेमिका कविता सिंह के साथ मिलकर कविता के पति सुनील कुमार सिंह की हत्या कराना चाहता है। हत्या 12 मार्च को दिन में कराने की योजना बनायी जा चुकी थी। योजना के अनुसार आज शाम को सुनील कुमार सिंह को संगम एक्सप्रेस ट्रेन पकड़नी है, उसी के लिए घर से निकलने पर हत्या की घटना को अंजाम दिया जायेगा। 

हत्या जैसी जघन्य घटना को रोकने के लिए एसटीएफ की टीम ने तुरंत सुरेंद्र और उसकी गर्लफ्रेंड कविता को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों से पूछ-ताछ की गयी तो अभियुक्त सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि वो एचसीएल कम्पनी नोएडा में साफ्टवेयर इंजीनियर की जाब करता है। लॉकडाउन के बाद से वर्क फ्राम होम के तहत अपने घर से ही नौकरी कर रहा था। 

आरोपी ने पुलिस को बताया कि करीब 02 वर्ष पहले उसकी मुलाकात कविता सिंह से हुई थी तभी से दोनों में प्रेम प्रसंग चल रहा है। मोबाइल से व व्हाट्सअप के माध्यम से दोनों की बातचीत होती थी। कविता सिंह व सुरेद्र दोनों शादीशुदा हैं। दोनों के प्रेम प्रसंग की जानकारी कविता सिंह के पति सुनील कुमार सिंह को हो गई। साथ ही इस लव अफेअर की जानकारी सुरेंद्र की पत्नी दिव्या सिंह को भी हो गयी थी। 

सुनील कुमार सिंह दोनों के रिश्तों का विरोध कर रहा था। इस कारण कविता सिंह के कहने पर सुरेंद्र ने कविता के पति सुनील कुमार सिंह को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया। इस काम के लिए सुरेंद्र ने अपने गांव मिरईपुर के सुभाष पासी व मनोज पासी निवासी ग्राम फुलहा हनुमानगंज, थाना सरायइनायत जनपद प्रयागराज व सौरभ पाठक निवासी गढ़वा सैदाबाद थाना हण्डिया जनपद प्रयागराज से सम्पर्क किया तथा सुभाष पासी को 02 लाख रूपया नकद व खाते के जरिये दिए गए। 

दरअसल कविता सिंह के पति सुनिल कुमार सिंह गाजियाबाद में रहकर नौकरी करते हैं। होली के समय पर झूंसी अपने परिवार के पास आये हैं तथा 12 मार्च को उनको संगम एक्सप्रेस ट्रेन पकड़नी थी। यह सूचना सुरेंद्र सिंह को कविता सिंह ने ही दी थी तथा उसी के अनुसार घर से निकलने के बाद सुनील की हत्या करने की योजना बनायी गयी थी। सुरेद्र व कविता शूटरों मनोज पासी, सुभाष पासी व सौरभ पाठक का इंतजार कर रहे थे जो यहां आने वाले थे। पुलिस की टीमें शूटरों की गिरफ्तारी की कोशिश में जुटी हैं। 

    follow google newsfollow whatsapp