मप्र में बोरवेल से निकाली गई चार वर्षीय बच्ची की इलाज के दौरान मौत

मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में मंगलवार को एक बोरवेल में गिरी चार वर्षीय बच्ची की बुधवार सुबह भोपाल के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी।

बोरवेल में गिरी चार साल की बच्ची

बोरवेल में गिरी चार साल की बच्ची

06 Dec 2023 (अपडेटेड: Dec 6 2023 1:30 PM)

follow google news

MP News : मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में मंगलवार को एक बोरवेल में गिरी चार वर्षीय बच्ची की बुधवार सुबह भोपाल के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मंगलवार देर रात बच्ची को बोरवेल से बाहर निकाले जाने के कुछ घंटे बाद ही उसकी मौत हो गयी।

पीटीआई के मुताबिक, बच्ची की पहचान माही के रूप में की गयी है। उसे देर रात करीब दो बजकर 45 मिनट पर बोरवेल से जीवित बाहर निकाला गया था और पचोर के सिविल हॉस्पिटल ले जाया गया लेकिन रास्ते में ही उसकी हालत बिगड़ गयी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किरण वाडिया ने बताया कि इसके बाद बच्ची को करीब 70 किलोमीटर दूर भोपाल में सरकारी हमीदिया चिकित्सालय ले जाया गया जहां सुबह करीब छह बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी।

उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव बच्ची के परिजनों को सौंपा जाएगा।

राजगढ़ के पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने बताया कि माही मंगलवार शाम को एक खेत में खुले पड़े बोरवेल में गिर गयी थी और विशेषज्ञों के एक दल ने करीब 25 फुट गहरायी का एक समानांतर गड्ढा खोदकर उसे बचाया था। वह जमीन से 22 फुट नीचे फंस गयी थी।

उन्होंने बताया कि यह घटना बोड़ा पुलिस थाने के तहत आने वाले पिपलिया रसोदा गांव में हुई।

    follow google newsfollow whatsapp