प्रेमिका संग हुआ था फरार, पुलिस ने पकड़ा और थाने में ही करवा दी शादी

Amir Haque

10 Apr 2024 (अपडेटेड: Apr 10 2024 4:50 PM)

Kanpur wedding in police station- पुलिस का अनोखा इंसाफ: प्रेमिका के साथ फरार प्रेमी को पकड़ कर थाने में ही करवा दी शादी।

Crime Tak

Crime Tak

follow google news

Kanpur: पुरानी कहावत है "मियां-बीवी राजी तो क्या करेगा काजी?" इस कहावत को कानपुर की पुलिस ने चरित्रार्थ कर दिया है। और प्यार करने वालों को एक बार फिर से हौसला दिया है कि जमाना चाहे लाख जतन कर ले, अगर वो दिल से एक दूसरे को चाहते हों तो दुनिया की कोई ताकत उन्हें अलग नहीं कर सकती। ताजा मामला है कानपुर देहात का जहां प्रेमी-प्रेमिका की जोड़ी घरवालों की मर्जी के खिलाफ जा कर शादी करना चाहती थी। और ऐसे में उनका साथ दिया पुलिस ने जिसने दोनों के बालिग होने की तस्दीक करने के बाद उनकी शादी थाने में ही बने मंदिर में करवा दी जबकि लड़के और लड़की के घरवाले देखते रह गये।

मोहब्बत के नाते छोड़ा घरबार
दरअसल कानपुर देहात के रूरा कस्बे में बैजूपुरवा गांव में रहने वाले प्रवीन को पड़ोस की गांव की एक लड़की से मोहब्बत हो गई थी। दोनों के बीच ये रिश्ता लगभग दो साल तक चला। इरादा शादी कर घर बसाने का था। मगर दोनों ही ओर के घरवालों को ये रिश्ता मंजूर नहीं था। थक हार कर दोनों ने घर छोड़ कहीं दूर भाग जाने का फैसला किया। दोनों किसी तरह घरवालों से दूर गुजरात पहुंच भी गये। मगर लड़की के घरवालों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखा दी जिसके बाद पुलिस भी उन्हें ढूंढते ढूंढते गुजरात पहुंच गई। 

यह भी पढ़ें...

थाने में बजी शहनाई
पुलिस दोनों को पकड़ कर कानपुर देहात ले आई और तब कहीं जा कर उसे पूरी कहानी पता चली। लड़का और लड़की दोनों बालिग थे और दोनों ही अपनी मर्जी से एक दूसरे से शादी करना चाहते थे। पुलिस ने घरवालों को समझाया कि लड़का और लड़की दोनों बालिग हैं और कानूनन वो इन्हें एक होने से रोक नहीं सकते। आखिरकार पुलिसवालों के समझाने पर लड़का और लड़की दोनों पक्षों के लोग इस शादी के लिये तैयार हो गये। बस तो फिर क्या था, चट मंगनी और पट ब्याह। पुलिस ने थाने के शिव मंदिर में उसी दिन शादी का इंतजाम कर दिया। और दोनों पक्षों ने राजी खुशी न सिर्फ शादी में शिरकत की बल्कि दूल्हे और दुल्हन को आशिर्वाद भी दिया।
 

    follow google newsfollow whatsapp